न्यू गिरिडीह रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी , लोगों का सपना हुआ पूरा
न्यू गिरिडीह स्टेशन से रांची के लिए इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन के शुरू किए जाने से गिरिडीह जिला क्षेत्र के लोगों को अनमोल तोहफा मिल गया जिसे अपने यादगार पलों के रूप में सहेजने के लिए हर कोई जिला के प्रत्येक स्टेशन पर खड़े होकर घंटो इंतजार करते नजर आए तथा ट्रेन के पहुंचने के उपरांत ही वे स्थान स्थान से हिले ।
गिरिडीह जिला से कोडरमा मेन लाइन को जोड़ने तथा इसका लाभ पहुंचाने के लिए वर्षों पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के कार्यकाल में छह मार्च 1999 में 111 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाने की आधार शिला कोडरमा में रखी गई थी ।जिसपर ट्रेन का परिचालन लगभग सोलह वर्ष बाद पूर्ण हुआ था उस वक्त इस क्षेत्र के लोग अपने आपको सौभाग्यशाली मान रहे थे और इसमें सच्चाई भी थी ।
धीरे धीरे समय बीतता गया और गिरिडीह जिला का विश्व विख्यात पार्श्वनाथ मंदिर , रांची , कोलकाता , देवघर , धनबाद आदि जगहों के ट्रेन के परिचालन की मांग को लेकर आम नागरिक से लेकर गणमान्य तक पूर्व की भांति संघर्ष करते रहे। जिसमें से झारखंड की राजधानी से सीधा जुड़ने का सपना को 12 सितंबर 2023 को कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी , गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, सदर विधायक सुदीब्य कुमार, गांडेय विधायक डा सरफराज अहमद, जमुआ विधायक केदार हाजरा, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, पूर्व विधायक निर्भय कुमार शहाबादी, पूर्व आई जी सह भाजपा नेता लक्ष्मण प्रसाद सिंह , प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा आदि ने संयुक्त रूप से न्यू गिरिडीह रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर साकार कर दिया ।
ट्रेन के परिचालन शुरू किए जाने के बाद हर एक व्यक्ति की जुबान से क्षेत्र की भलाई की सोच रखने वालों के लिए दुआएं निकल रही थी । निकट भविष्य में जनता के लिए यह ट्रेन उन्हें गौरवशाली बनाने में काफी सहयोग करेगा । व्यवसायिक दृष्टिकोण हो या सामाजिक दृष्टिकोण हर क्षेत्र में यह ट्रेन काफी लाभकारी सिद्ध हो सकता है ।
इस दौरान रांची जाने के लिए ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किए जाने को लेकर धनवार एवं आस पास के क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों में काफी उत्साह था । आलम यह था कि धनवार का वह बड़ा चौक जो हमेशा जाम की समस्या से जूझता रहता है वह ट्रेन के आगमन पर पूरा सन्नाटा में तब्दील हो गया था । धनवार रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति इस बात को साबित कर रही थी कि इस ट्रेन के परिचालन से आम आवाम को एक बड़ी उपलब्धि मिल गई है ।
प्लेटफार्म हो या एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक बनाया गया ऊपर पैदल पथ हर जगह लोग काफी उत्सुकता से ट्रेन के आगमन की प्रतिक्षा में ऐसे खड़े थे जैसे उनके परिवार का कोई सदस्य वर्षों बाद घर आ रहा हो। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि उदय सिंह , भाजपा नेता नंदलाल साव , पवन साव , विभीतू नारायण , पवन कुमार सिंह, विजय कसेरा , स्थानीय पूर्व मुखिया सुनयना देवी , राजेंद्र यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं की भीड़ द्वारा लगाए जा रहे नारा से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था।
ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के बाद कोडरमा सांसद अनपुर्णा देवी , भाजपा नेता लक्ष्मण प्रसाद सिंह आदि को कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता एवं माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया । वहीं आम जनता ने भी इस पुनीत कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग देने वालों को धन्यवाद दिया ।
जिप अध्यक्ष मुनिया देवी ने इस ट्रेन के परिचालन को लेकर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस ट्रेन के परिचालन की बहुत ही जरूरत थी । आम जनता को विभिन्न कार्यों से राजधानी रांची आना जाना लगा रहता है परंतु अन्य साधन के अभाव में लोग मजबूरी वश बस आदि से सफर करते हैं । कहा कि इस पुनीत कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , कोडरमा सांसद सह केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गिरिडीह के सांसद एवं रेल मंत्री को धन्यवाद जिन्होंने गिरिडीह जिला की जनता द्वारा किए जा रहे प्रयास को मूर्त रूप प्रदान करते हुए इस रूट पर ट्रेन का परिचालन शुरू करवाया।
भाजपा नेता सह समाजसेवी नंदलाल साव ने इसे मिल का पत्थर बताते हुए कहा कि यह इस क्षेत्र की जनता के लिए भाजपा सरकार द्वारा अनमोल धरोहर से कम नहीं है । इसका लाभ यहां की जनता को मिल सकेगा । इस ट्रेन में ए सी कोच एवं विस्टाडोम कोच भी जोड़ा गया है जो इसमें सफर करने वाले को अपनी यात्रा की यादें संजो कर रखने में मदद करेगी ।
स्थानीय निवासी शिवचरण लाल बरनवाल ने कहा कि यह मेरा भी सपना था कि रांची जाने के लिए इस मार्ग पर एक ऐसा ट्रेन चले जिससे आम आवाम को सहूलियत मिल सके। ईश्वर की कृपा से इसे मैने अपनी आंखो से देख लिया । आने वाले जेनरेशन को इसका बहुत लाभ मिल सकेगा ।
दयानंद साव ने बताया कि इस ट्रेन पर उनका पहला सफर है और इसके लिए रेल मंत्रालय समेत सभी गणमान्य लोगों को जिन्होंने इसके लिए प्रयास किया है उन्हे धन्यवाद है ।
किराए की बात करें तो आज लगभग चार सौ से पांच सौ रुपए तक खर्च कर लोग रांची जा रहे थे । न्यु गिरिडीह से रांची तक इस ट्रेन में सफर करने के स्लीपर के लिए 130 रुपए , ए सी चेयरकार के लिए 465 रुपया एवं बेहतरीन एवं यादगार यात्रा के लिए विस्टाडोम कोच के लिए 1260 रुपए व्यय करना पड़ेगा ।

Bahut khub.. kuch information aur jod ne se samachaar aur bhi upyogi hota… Jaise train number, time table, kiraya ityadi. Video link bhi daliye.