खोरीमहुआ अनुमंडल में छठ महापर्व को लेकर तैयारी तेज, राजधनवार राजा घाट पर विधि-व्यवस्था व स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु बैठक संपन्न
धनवार (गिरिडीह)। प्रतिनिधि।
आगामी छठ महापर्व 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ आयोजन को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दण्डाधिकारी, खोरीमहुआ श्री अनिमेष रंजन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राजधनवार राजा घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और जनसुविधा की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, भूमि सुधार उप-समाहर्ता सुनील कुमार प्रजापति, कार्यपालक दण्डाधिकारी अभिषेक कुमार, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी धनवार देवेंद्र कुमार दास, अंचल अधिकारी धनवार यसवंत सिन्हा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत धनवार हर्षवर्धन, थाना प्रभारी धनवार सत्येन्द्र पाल, ओपी प्रभारी घोड़थम्बा धमेन्द्र अग्रवाल, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
साथ ही धनवार छठ पूजा समिति और दिवानटोला छठ पूजा समिति के सदस्य भी आमंत्रित रूप से बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसडीओ अनिमेष रंजन ने कहा कि छठ महापर्व झारखंड की आस्था, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधा, आपातकालीन सेवा एवं घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजधनवार राजा घाट आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात सुचारु रखने, पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने एवं श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण हेतु विशेष यातायात योजना तैयार की जाए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि पर्व की अवधि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता एवं रात्रि गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। वहीं नगर पंचायत धनवार के कार्यपालक पदाधिकारी ने घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं कचरा निस्तारण की योजना पर विस्तृत जानकारी दी।
अंत में एसडीओ अनिमेष रंजन (भा.प्र.से.) ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि राजधनवार राजा घाट सहित समस्त घाटों पर छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।
राजधनवार राजा घाट, जहाँ हर वर्ष हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं, इस बार प्रशासनिक सतर्कता एवं जनसहयोग के बल पर अधिक व्यवस्थित रूप में तैयार किया जा रहा है।
