धनवार में डीपीएस विद्यालय में चोरी: ₹44 हजार नगद और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी, संचालक ने जताई साजिश की आशंका
धनवार (गिरिडीह): धनवार प्रखंड अंतर्गत घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र के बदडीहा गांव में संचालित डीपीएस विद्यालय में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शनिवार की देर रात विद्यालय का अल्बेस्टर तोड़कर ऑफिस कक्ष से हजारों रुपये मूल्य के सामान और नगदी की चोरी कर ली।
विद्यालय के संचालक टुनटुन कुमार ने इस संबंध में घोड़थम्बा ओपी में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। चोरों ने विद्यालय का अल्बेस्टर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ऑफिस में रखे 7 मॉनिटर, 1 सीपीयू, एक मारुति वैन की बैटरी तथा गोदरेज में रखे ₹44,000 नगद की चोरी कर ली।
संचालक के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले गांव में एक ग्रामीण बैठक के दौरान उन्हें जान से मारने और विद्यालय में तोड़फोड़ करने की धमकी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखदेव तुरी (30 वर्ष), मिथुन तुरी (32 वर्ष), वीरेंद्र तुरी (35 वर्ष), सुरेंद्र तुरी (40 वर्ष), अमरीक तुरी (50 वर्ष) और संतोष तुरी (35 वर्ष) सहित कई लोगों ने दोपहर करीब 1 बजे बैठक के दौरान धमकी दी थी। कुछ घंटे बाद ही यह चोरी की घटना घट गई।
टुनटुन कुमार ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें इस कांड में गांव के ही शिक्षक कामेश्वर रविदास की संलिप्तता का भी संदेह है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत घोड़थम्बा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच जारी है।
