कैसे फुट गया डैम , क्या कहते हैं लोग
धनवार संवाददाता
बीते दिनों से हो रही बारिश ने धनवार की शान नौलखा डैम को ध्वस्त कर सैकड़ों एकड़ फसल के साथ हजारों क्विंटल मछली को बर्बाद कर दिया।
समाचार प्रेषण तक विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई भी ठोस पहल नहीं की जा सकी थी और लोग अपने जान को जोखिम में डालकर उक्त क्षतिग्रस्त डैम से बचे हुए मछली को मारने में जुटे हुए थे ।
क्या है मामला
धनवार नगर पंचायत स्थित नौलखा डैम में बीती रात से हुई बारिश के कारण उसके पूर्व में क्षतिग्रस्त भाग पर पानी के बहाव के कारण कटाव प्रातः छह बजे शुरू हुआ जो कुछ की घंटो में विकराल रूप धारण कर लिया ।
जैसे जैसे पानी का बहाव तेज होता गया डैम पर बने मेढ का भी कटाव होने लगा लगभग छह घंटे बाद डैम के मेढ पर लगभग पचास फीट का कटाव हो गया तथा डैम में एक चौथाई से भी कम पानी बचा और वह भी लगातार बहता जा रहा है ।
दूसरा कारण ये भी रहा
इस नौलखा डैम के सौंदर्यीकरण के लिए तीन माह पूर्व लगभग चार करोड़ की प्राक्कलित राशि से अतुल प्रताप कंट्रकसन द्वारा कार्य प्रारंभ किया गया । संवेदक द्वारा करवाए जा रहे कार्य के दौरान भारी लापरवाही बरती जा रही थी । जुलाई माह में स्थानीय विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा शिलान्यास किए जाने के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया इसके उपरांत स्थानीय विधायक ने संवेदक को जमकर फटकार लगाई तथा लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में कोई समस्या नहीं होगी ।
संवेदक द्वारा उस वक्त नौलखा डैम के पूर्व में क्षतिग्रस्त भाग पर गहरा कटाव कर पानी की निकासी की जा रही थी परंतु शिलान्यास के बाद उक्त कटाव किए गए स्थान को जैसे तैसे भर दिया गया तथा कार्य को बंद कर दिया गया ।
क्या हुआ नुकसान
इस डैम से निकला तेज बहाव में निकले पानी ने अपने बहाव क्षेत्र में आने वाले सभी धान लगे फसल को नष्ट कर दिया इसके साथ ही इसमें से हजारों क्विंटल मछली भी बह गई । इस डैम में प्रतिदिन सैकड़ों लोग स्नान ध्यान करने आते थे जिन्हे अब काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा ।
क्या कहते हैं लोग
समाजसेवी नंदलाल साव ने कहा कि डैम के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को पूर्व में ही दे दी गई थी परंतु किसी भी स्तर पर कोई पहल नहीं की गई । कहा कि संवेदक एवं विभागीय अधिकारी मिलीभगत कर प्राक्कलन घोटाला करने में जुटे हुए हैं । श्री साव ने इससे हुए आम लोगों के नुकसान की भरपाई करने की मांग की है
बसपा जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने इस घटना में शत प्रतिशत लापरवाही संवेदक की है ।उन्होंने सरकार से संवेदक के ऊपर एफआईआर दर्ज करवाते हुए कठोर करवाई किए जाने की मांग की है ।
राजद नेता ग्यासुद्दीन अंसारी ने कहा कि यह डैम आम जनता के लिए काफी लाभप्रद था परंतु इसमें हुए कटाव से आम जनता को काफी नुकसान हुआ है । लोग यहां अपने विभिन्न दैनिक कार्यों के लिए आते थे ।उन्होंने सरकार से दोषी व्यक्ति के ऊपर कठोर करवाई की मांग सरकार से की है ।
समाजसेवी निजामुद्दीन अंसारी ने कहा कि यह नौलखा डैम धनवार ही नहीं आस पास के क्षेत्रों के लिए एक सम्मान एवं शान से कम नहीं थी परंतु इसकी इतनी दुर्दशा कर दी गई है जो बहुत ही गलत हुआ है ।
मायाराम टोला निवासी अरबिंद कुमार ने कहा कि यह डैम हमलेगों का शान था हमलोग अपना कुछ समय निकाल कर यहां आकर बैठते थे जिससे काफी सुकून मिलता था परंतु सौंद्रीयकरण के नाम पर ठेकेदार द्वारा काफी मनमानी की गई जिसके कारण यह दुर्दशा हुई है ।
ठेकाटांड निवासी किशोर कुमार ने बताया कि इस डैम से हजारों परिवार के लोग लाभान्वित होते थे आज यही डैम लोगों के लिए नुकसान दाई हो गया ।मेरी सरकार से मांग है कि इसके लिए जिम्मेवार लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कारवाई की जाय तथा लोगों को हुई क्षति की भरपाई की जाय ।
लाइव देखने केलिए इस लिंक पर क्लिक करें https://www.youtube.com/live/TNs4-88MeZw?si=_PakKZcxfpanurvA
