महेशमरवा पंचायत की मुखिया ने पंचायत सेवक के स्थानांतरण की मांग की
धनवार (गिरिडीह): धनवार प्रखंड के महेशमरवा पंचायत की मुखिया सोनिया देवी ने पंचायत में कार्यरत पंचायत सेवक के व्यवहार और कार्यशैली से असंतुष्ट होकर उनके स्थानांतरण की मांग की है। इस संबंध में मुखिया ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, धनवार को आवेदन सौंपा है।
मुखिया ने आवेदन में उल्लेख किया है कि पंचायत सेवक का रवैया पंचायतवासियों के प्रति अक्सर गुस्सैल रहता है। वे मनमाने ढंग से पंचायत सचिवालय में उपस्थिति दर्ज करते हैं और पंचायत के दैनिक कार्यों में उदासीनता बरतते हैं। कई बार ग्रामीणों के आवश्यक कार्यों में भी वे टालमटोल की प्रवृत्ति दिखाते हैं, जिससे लोगों को काफी असुविधा होती है।
मुखिया सोनिया देवी ने बताया कि महेशमरवा पंचायत में कुल 11 गांव शामिल हैं और यह क्षेत्रफल की दृष्टि से एक बड़ा पंचायत है। ऐसे में पंचायत सेवक का समय पर उपस्थित रहना और सहयोगात्मक रवैया अपनाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई शिकायतों के बावजूद पंचायत सेवक के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने भी पंचायत सेवक के आचरण पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सेवक के उदासीन रवैये के कारण पंचायत के कई विकासात्मक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मुखिया ने बीडीओ से आग्रह किया है कि पंचायत सेवक का स्थानांतरण कर किसी सक्रिय और जिम्मेदार कर्मी की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि पंचायत के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
