धनवार में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
धनवार /खोरिमहुआ (गिरिडीह )
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देश पर गिरिडीह जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा रविवार को धनवार प्रखंड मुख्यालय में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाना एवं उन्हें विधिक सहायता प्रदान करना था।
शिविर का उद्घाटन न्यायाधीश महबूब आलम, प्रखंड प्रमुख गौतम सिंह, बीडीओ देवेंद्र कुमार दास, सीओ गुलजार अंजुम, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष सफीक अंसारी, थाना प्रभारी सतेंद्र पाल, अधिवक्ता प्रियांशु कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में जेएसपीएल की दीदियों ने आम के पत्तों से बनी टोपी पहनाकर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और स्वागत गान प्रस्तुत किया। मौके पर कृषि, कल्याण, बाल विकास परियोजना, सहकारिता, पशुपालन, मनरेगा, पेंशन सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। न्यायाधीश श्री आलम ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली।
शिविर के दौरान कई लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपराध की राह न चुनें, विशेषकर सिविल मामलों में, क्योंकि इससे उन्हें नुकसान हो सकता है। उन्होंने विधिक सहायता की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
प्रखंड प्रमुख ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आमजन सही दिशा में जाकर न्याय प्राप्त कर सकते हैं। बीडीओ, सीओ एवं अन्य अधिकारियों ने भी मंच से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना के कर्मी मनोज पांडेय ने किया। मौके पर बीपीआरओ प्रदीप कुमार, एमओ जयप्रकाश शर्मा, बीपीओ अजीत चौधरी, नाजीर राकेश कुमार, पीएलवी सुरेश कुमार यादव, नंदलाल महतो, अरविंद कुमार, लालजीत राम, कुश कुमार, राजेश कुमार सहित दर्जनों महिला-पुरुष उपस्थित थे।
