तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से  युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

धनवार/हीरोडीह (गिरिडीह)
गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में शनिवार देर रात एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान धनवार थाना क्षेत्र के निचली चित्तरडीह निवासी 28 वर्षीय प्रकाश साहू उर्फ बुधन के रूप में हुई है। घटना हीरोडीह थाना क्षेत्र के शिबूडीह के पास रात करीब 10 बजे हुई, जब वह अपने गांव लौट रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश साहू गिरिडीह में रहकर एक निजी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का कार्य करते थे। शनिवार शाम वह अपने एक साथी पिंटू कुमार साव के साथ बाइक से छुट्टी मनाने अपने घर चित्तरडीह लौट रहे थे। इसी दौरान शिबूडीह के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय समाजसेवी कोलेश्वर साव और शंकर साव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि प्रकाश अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और बेहद मिलनसार स्वभाव के कारण समाज में लोकप्रिय था।

मृतक की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, दो वर्ष का एक बेटा और महज एक माह की बेटी को छोड़ गया है। इस असामयिक निधन से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

Similar Posts

इस विषय के बारे में आप क्या सोचते हैं। जरूर लिखें।Cancel reply