बरजो पंचायत में घर-घर टी.बी. खोज अभियान को लेकर बैठक आयोजित
धनवार, 27 मार्च 2025: प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत घर-घर टी.बी. खोज अभियान (ACF) को प्रभावी बनाने के लिए बरजो पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत मुखिया सुभाष यादव ने की। इस दौरान एस.टी.एस. अजय कुमार भारती ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घर-घर जांच और मुफ्त इलाज की सुविधा
इस अभियान के तहत सभी सहिया दीदी घर-घर जाकर 14 दिनों से अधिक खांसी से पीड़ित लोगों की पहचान कर रही हैं। संदिग्ध मरीजों की बलगम जांच करवाई जा रही है और यदि रिपोर्ट में टी.बी. की पुष्टि होती है, तो मरीजों को पूरे कोर्स की दवा पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
मरीजों को मिलेगा आर्थिक लाभ
टी.बी. से ग्रसित मरीजों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए डी.बी.टी. (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ₹1,000 प्रति माह की सहायता राशि दी जाएगी। यह सहायता लगातार छह महीने तक प्रदान की जाएगी, जिससे मरीजों का उचित पोषण और देखभाल सुनिश्चित हो सके।
अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों की अपील
बैठक में एन.टी.ई.पी. (राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम) के तहत मिलने वाली सभी सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से टी.बी. के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच करवाने की अपील की।
बैठक में मौजूद अधिकारी और गणमान्य लोग
इस अवसर पर बी.टी.टी. मुन्नी देवी, सहिया साथी नीलम कुमारी, सहिया दीदी आरती सिंह, रीता पांडे, मधुमति देवी, तथा जे.एस.एल.पी.एस. से कंचन देवी, संगीता देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
PNA NEWS INDIA
