विश्वकर्मा समाज के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष देवकी राणा का आभार यात्रा में भव्य स्वागत
देवरी, तीसरी, गावां होते हुए घोड़थंबा तक पहुंची यात्रा, समाज के विकास और कुरीतियों के उन्मूलन का लिया संकल्प
घोड़थम्बा,गिरिडीह , झारखंड: विश्वकर्मा समाज के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष देवकी राणा के नेतृत्व में गुरुवार को आभार यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा देवरी, तीसरी, गावां होते हुए घोड़थंबा पहुंची, जहां समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। जिला अध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का फूल-मालाओं से सम्मान किया गया, साथ ही अंगवस्त्र भेंटकर आदर प्रकट किया गया।
समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर
इस अवसर पर देवकी राणा ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण और कुरीतियों के उन्मूलन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि “समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त कर शिक्षा को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता होगी। बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए विशेष सामाजिक पहल की जाएगी।”
दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान
उन्होंने दहेज प्रथा को समाज के लिए सबसे बड़ी बाधा बताते हुए इसे समाप्त करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियम बनाकर इसे नियंत्रित किया जाएगा और समाज में बेटी प्रधान संस्कृति को बढ़ावा देकर सशक्त समाज, सशक्त राज्य और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाएगा।
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर बल
देवकी राणा ने प्रखंड कमिटियों को निर्देश दिया कि कमिटी का पुनर्गठन कर ऊर्जावान युवाओं को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित की जाए और उनके दुख-सुख में भागीदार बना जाए।
नेताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में प्रदेश संयुक्त सचिव राधेश्याम विश्वकर्मा, निशा देवी, अनिल विश्वकर्मा, अनिता देवी, राधा देवी, राहुल राणा, जगदीश मिस्त्री, सहदेव राणा, परमानंद कुमार, अंजना राणा, राजेंद्र राणा, द्वारिका विश्वकर्मा, सुमित्रा देवी, नीलम देवी, संतोष विश्वकर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
— PNA NEWS INDIA
