| | | | | |

“धनवार में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से इकलौते कमाऊ बेटे की मौत, बूढ़ी माँ बेसहारा”

धनवार, गिरिडीह:
धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर कोडाडीह बैंक के समीप शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला युवक पुरनाडीह निवासी पंकज राय (35 वर्ष) बताया गया है, जो अपने साथ मनसाडीह निवासी रघु कुमार (10 वर्ष) के साथ बाइक से जा रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक और ट्रैक्टर के बीच सीधी टक्कर हुई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर परसन ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को धनवार रेफरल अस्पताल भेजा गया। वहां से हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को रांची रिम्स रेफर कर दिया।

रास्ते में टूट गई सांसें, पंकज की मौत से बूढ़ी माँ पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस के अनुसार, पंकज की पहचान करने में समय लग गया और करीब एक घंटे तक परिजनों के नहीं पहुंचने पर पुलिस ने ही उसे एम्बुलेंस से रांची भेजा। लेकिन रास्ते में ही पंकज ने दम तोड़ दिया। वहीं, रघु कुमार का इलाज रांची में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पंकज राय घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। पिछले वर्ष ही उसके पिता और भाई की भी अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हो गई थी। अब पंकज की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। घर में अब केवल उसकी वृद्ध माँ और विवाहित बहन ही बची हैं।

प्रशासन ने जताया दुख, परिजनों को मिलेगी सरकारी सहायता

परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इधर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को यथाशीघ्र आर्थिक सहयोग देने की मांग की है।

Similar Posts

इस विषय के बारे में आप क्या सोचते हैं। जरूर लिखें।Cancel reply