जिंदगी भर साथ निभाया… और विदाई भी साथ हुई
खोरिमहुआ (गिरिडीह), संवाददाता
धनवार नगर पंचायत में एक मार्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। पति-पत्नी की एक साथ उठी अर्थियां हर किसी की आंखें नम कर गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय बुजुर्ग तुलसी मोदी का शव मंगलवार को धनवार थाना क्षेत्र में बह रही नदी किनारे संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया। वे दो दिन से लापता थे। वहीं, इसी बीच सोमवार को उनकी पत्नी का भी देहांत हो गया था।
दो दिनों से थे लापता, नदी किनारे मिला शव
तुलसी मोदी पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को उनका शव रेलवे ब्रिज संख्या 7 और 9 के नीचे नदी किनारे मिला। शव की शिनाख्त उनके परिजनों ने की।
पति-पत्नी की एक साथ विदाई
एक तरफ घर में पत्नी का पार्थिव शरीर रखा था, तो दूसरी तरफ पुलिस ने जब तुलसी मोदी का शव परिजनों को सौंपा, तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार को दोनों की एक साथ अंत्येष्टि की गई। पति-पत्नी की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरा मोहल्ला शोक में डूब गया।
समाज में चर्चा का विषय बनी यह घटना
पति-पत्नी की इस एक साथ विदाई ने मोहल्ले को भावुक कर दिया। लोगों ने इसे एक “अटूट रिश्ते का प्रतीक” बताया। यह घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए एक गहरा संदेश छोड़ गई — “साथ जीए, साथ चले…”
