| | |

माननीय कृषि मंत्री ने देवघर जिले में फसल क्षति का किया मौके पर आकलन, किसानों को शीघ्र राहत का भरोसा

देवघर जिले में हाल के चक्रवाती तूफान से हुई भारी फसल क्षति को देखते हुए आज कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सारवां प्रखंड के रामपुर गांव का दौरा किया। मंत्री ने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया और बर्बाद फसलों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रभावित खेतों का सटीक सर्वे कर वास्तविक नुकसान की रिपोर्ट जल्द से जल्द राज्य सरकार को भेजी जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। किसानों को फसल बीमा एवं मुआवजा से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह

किसानों को फसल बीमा एवं मुआवजा से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह

मंत्री तिर्की ने किसानों से कहा कि

जिन किसानों ने बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया है, वे फसल क्षति की जानकारी टोल-फ्री नंबर 14447 पर 72 घंटे के भीतर अवश्य दर्ज कराएं।

जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, वे अपने खेत का जियो-टैग फोटो, रकबा विवरण के साथ आवेदन अंचल कार्यालय में जमा करें। इन्हें आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत सेवक एवं संबंधित कर्मचारियों को तुरंत क्षेत्र में भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए, ताकि राहत राशि का वितरण शीघ्र शुरू हो सके।

मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि फसल कटाई के बाद 14 दिनों के भीतर हुई क्षति पर ही फसल बीमा योजना के तहत लाभ दिया जाता है, इसलिए समय पर सूचना देना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी

निरीक्षण में जिला कृषि पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, उद्यान पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सारवां, अंचल अधिकारी सारवां सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवघर जिला प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि फसल क्षति के हर मामले में पारदर्शी सर्वे कर प्रभावित किसानों को सभी योग्य लाभ समयबद्ध तरीके से प्रदान किए जाएंगे।

Similar Posts

इस विषय के बारे में आप क्या सोचते हैं। जरूर लिखें।Cancel reply