अतिआवश्यक है वोटर लिस्ट में नाम अपडेट करना
धनवार (गिरिडीह)
स्वस्थ मतदाता सूची तैयार करने को लेकर बी एल ओ द्वारा प्रखंड क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह धनवार अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया तथा कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए साथ ही आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए बीएलओ को निर्देशित भी किया गया ।
बताते चलें फोटो युक्त विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण 2024 के निमित्त विशेष कैंप लगाया गया है। बीएलओ द्वारा मतदान केंद्र संख्या 207, 209, 210, 226, 227, 236,387, 388, 402 समेत अन्य दर्जनों मतदान केंद्रों पर किए जा रहे कार्यों का औचक निरीक्षण धनवार सी ओ द्वारा किया गया। इस क्रम में सभी केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित पाए गए।
सभी बीएलओ को स्वस्थ मतदाता सूची तैयार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अंचलाधिकारी ने कहा कि आपके द्वारा हुई छोटी सी गलती भी स्वस्थ मतदाता सूची को प्रभावित कर सकती है इसलिए आप अपने कार्यों के प्रति इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठ बने रहें ।कहा कि वोटर लिस्ट की सूची को अपडेट करना अतिआवश्यक है जिससे मतदाता अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग कर सकेंगे । इस दौरान मौके पर बीएलओ सुपरवाइजर रविंद्र कुमार समेत कई कर्मी उपस्थित थे।
