आदर्श महाविद्यालय राजधनवार के छात्र रौनक मिश्रा ने राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम किया रोशन
आदर्श महाविद्यालय, राजधनवार के होनहार छात्र रौनक कुमार मिश्र ने राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि के आधार पर उन्हें नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव 2025 में झारखंड राज्य की टीम में शामिल किया गया है।
इससे पहले, रौनक ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम और प्रमंडल स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया था। उनकी इस सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. बिमल कुमार मिश्र ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, “रौनक एक मेहनती और प्रतिभाशाली छात्र है। उसका राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। हमारे विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसरों की आवश्यकता है।”
रौनक की सफलता पर महाविद्यालय में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर डॉ. कन्हैया प्रसाद राय, डॉ. कृष्णा कुमार, डॉ. दुलारी विवेक कुमार राय, युगल किशोर राय और प्रमोद चौधरी ने रौनक को बधाई दी।
रौनक ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों, परिवारजन और मित्रों को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से प्रेरित होकर महाविद्यालय के अन्य छात्रों में भी उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।
रौनक मिश्रा की इस सफलता पर पूरे महाविद्यालय ने उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
