| |

बदडीहा में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की 124वीं जयंती, सांसद अन्नपूर्णा देवी ने किया प्रतिमा का अनावरण

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 124वीं जयंती के अवसर पर झारखंड के गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा अंतर्गत बदडीहा ग्राम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंबेडकर विचार मंच के बैनर तले यह आयोजन स्थानीय समाजसेवी एवं शिक्षक कामेश्वर रविदास के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद श्रीमती अन्नपूर्णा देवी थीं। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कहा, “बाबा साहेब ने देश को सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की दिशा दिखाई। वे एक विद्वान, समाज सुधारक, अर्थशास्त्री, कानूनविद और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने शिक्षा को बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम बताया। आज अगर हम संविधान की बात करते हैं, तो वह बाबा साहेब की दूरदर्शिता और संघर्ष की देन है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के पंचतीर्थ स्थलों को विकसित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार के एक मंत्री द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान की निंदा करते हुए कहा, “संविधान की शपथ लेने वाले किसी भी व्यक्ति को संविधान से ऊपर शरीयत या किसी अन्य व्यवस्था को नहीं रखना चाहिए। भारत और उसका संविधान महान है – यह हमें बाबा साहेब ने सिखाया है।”

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और माल्यार्पण से हुई। मंच संचालन टुनटुन कुमार ने किया।

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश साहा, सत्यनारायण दास, ओमप्रकाश वर्मा, पवन साव, अरविंद साव, सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, उषा देवी, अकेन्द्र साव, प्रियंका देवी, ब्रिटिश रजक, दामोदर वर्मा, अनिल तुरी, भुनेश्वर रजक, सुखदेव रजक, कौसल्या दास, मुखिया संतोष साव और रंजीत कुमसर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सभी ने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और उनके पदचिन्हों पर चलने की शपथ ली।

रिपोर्ट: PNA NEWS INDIA

Similar Posts

इस विषय के बारे में आप क्या सोचते हैं। जरूर लिखें।Cancel reply