|

असमय हादसे ने छीन ली दो जिंदगियां: शादी के आठ माह बाद ही पति ने पत्नी को हमेशा के लिए छोड़ा, फुफेरा भाई भी काल के गाल में समा गया

धनवार, गिरिडीह: जिंदगी की खुशियां कब मातम में बदल जाएं, कोई नहीं जानता। ऐसी ही एक हृदयविदारक घटना धनवार थाना क्षेत्र के चट्टी पंचायत के राजोडीह गांव में घटी, जहां सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक युवक की शादी को अभी साल भी नहीं बीता था। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ससुराल से लौटते वक्त हुआ हादसा
मंगलवार को राजोडीह गांव निवासी 25 वर्षीय मोहन पासवान, पिता नाथो पासवान, और उनके फुफेरे भाई 22 वर्षीय रोहित पासवान, पिता द्वारिका पासवान, दोपहिया वाहन (अपाचे, नंबर- JH 11 AE 7664) से सरिया थाना क्षेत्र के कोयरिडीह पूरनी स्थित अपने ससुराल से लौट रहे थे। दोनों जैसे ही घर की ओर बढ़ रहे थे, एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से टूटा परिवार
परिजनों के मुताबिक, मोहन चार भाइयों में सबसे बड़ा था और घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी शादी महज आठ महीने पहले हुई थी। दो दिन पहले ही वह अपनी पत्नी को मायके छोड़कर आया था। घर में सूर्याही पर्व के लिए आई फुआ को छोड़ने के लिए वह सोमवार को कोयरिडीह कंचनपुर गया था और रात को वहीं ससुराल में रुक गया। अगले दिन भाई रोहित के साथ लौटते वक्त यह हादसा हो गया। इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं और पत्नी को सुहागन बनने के कुछ ही महीनों बाद विधवा कर दिया।

गांव में मातम, प्रशासन से मदद की मांग
घटना के बाद गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहन के माता-पिता और पत्नी का विलाप गांववालों की आंखें नम कर गया। इस हृदयविदारक घटना पर चट्टी पंचायत के मुखिया भुनेश्वर साव, दुलारचंद नायक, श्यामनंदन कुमार, संजय यादव और रामावतार कुमार ने शोक जताया। पंचायत प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। परिजनों का कहना है कि घर के कमाऊ सदस्य के जाने से उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार का भरण-पोषण हो सके।

Similar Posts

इस विषय के बारे में आप क्या सोचते हैं। जरूर लिखें।Cancel reply