हर जगह रही धूम
नववर्ष की मंगल कामना के साथ धनवार प्रखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने अपने अपने तरीके से आनंद उठाया । कोई अपने दोस्तों के साथ तो कोई अपने परिवार के साथ पिकनिक स्पॉट पर जाकर ,तो कई लोग जलप्रपात समेत ऐसे स्थान पर पहुंचे जहां उन्हें प्रकृति का आनंद मिल सके । इनमे से सबसे हटकर धनवार के मायाराम टोला में इसे मनाया गया तथा लोगों को कुछ अच्छा करने की प्रेरणा दे गया ।
एक जनवरी अंग्रेजी वर्ष का पहला दिन है और इस दिन का इंतजार बच्चे हों या व्यस्क सभी को रहता है । नए वर्ष के आगमन में ठंड एवं कोहरा ने लोगों को घरों के अंदर बंद रखने का काफी प्रयास किया परंतु इस ठंड में भी लोग घूमते नजर आए।
धनवार प्रखंड के नौलखा डैम, नकटी तांड, पंचखेरो डैम , हद हदवा जैसे दर्जनों स्थान पर लोग प्राकृतिक छटा एवं उड़ते पक्षियों का आनंद लेते नजर आए ।मायाराम टोला में नए वर्ष के आगमन पर सूजी का हलवा का वितरण किया गया । इस क्रम में मुख्य मार्ग से आने जाने वाले राहगीरों के बीच इसका वितरण कर लोगों को नया वर्ष मनाने का नया तरीका बताया गया । लोगों ने कहा कि अपने लिए तो सब करते हैं कुछ समाज के लोगों के लिए किया जाय तो इसकी बात ही निराली हो जाती है ।
