डीलर की मनमानी के विरुद्ध लाभुक गोलबंद
धनवार (गिरिडीह)
धनवार प्रखंड में डीलर की मनमानी के विरुद्ध जनता मुखर होने लगी है इस क्रम में धर्मपुर पंचायत के लाभुकों ने बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष के साथ साथ बीडीओ धनवार एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है ।
आवेदन देने आई महिला लाभुकों ने कहा कि हमारी कोई सुनता ही नहीं है और डीलर कहता है कि तुम्हें जहां जाना है जाओ ,जो करना है करो । नए कार्ड बनवाने के नाम पर प्रति कार्ड धारी से दो सौ रुपए की राशि संचालक द्वारा लिया गया परंतु अभी तक नया कार्ड मुहैया नहीं करवाया गया है आखिर हम जाएं कहां ।
पदाधिकारियों को दिए आवेदन में उन्होंने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि धर्मपुर पंचायत में संचालित दुर्गा स्वयं सहायता समूह के संचालक द्वारा बीते कई माह से अनाज मुहैया नहीं करवाया जा रहा है । जब भी उससे अपने हक का अनाज की मांग वे लोग करते हैं तो वह भड़क उठता है । यदि अनाज दिया जाता भी है तो डिजिटल कांटा पर ईंट रखकर कम वजन दिया जाता है ।
महिलाओं ने अपना आवेदन बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मो सफीक अंसारी को भी दिया तथा उनसे न्याय दिलाने की मांग की गई । पीड़ित महिलाओं के सामने ही बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष ने समूह के संचालक को फोन लगाया परंतु उससे बात नही हो पाई ।
आवेदन में सावित्री देवी , देवंती देवी , सुशीला देवी , सुनीता देवी ,जगना देवी , नारायण यादव , चमन राय समेत लगभग चालीस ग्रामीणों के हस्ताक्षर किए गए थे ।
