न तोड़ें नियम अन्यथा होगी कारवाई
राजधनवार (गिरिडीह)
सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार महतो ने वाहन जांच अभियान चलाया तथा बिना हेमलेट वालों को माला एवं हेलमेट पहनाकर विदा किया। इस क्रम प्रखंड के खोरीमहुआ चौक एवं नगर पंचायत के बड़ा चौक पर शनिवारकी शाम दो पहिया वाहन जांच अभियान चलाया। वाहनों के कागजात, हेलमेट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई । जबकि बिना हेलमेट वाले दर्जनों चालकों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें हेलमेट देकर सड़क में वाहन के कागजातों और हेलमेट के साथ निकलने की चेतावनी दी गई ।
इस बाबत एसडीपीओ श्री महतों ने कहा कि यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा सप्ताह के निमित्त चलाया जा रहा है जिसमें वाहन चालकों को जागरूक करते हुए भविष्य में पुनरावृति नही करने की हिदायत दिया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा की अभियान के दौरान दोबारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर विधिसम्मत कारवाई सहित भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा। इन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे नाबालिक बच्चों को वाहन देकर न भेजें अन्यथा अभिभावकों पर भी कारवाई की जायेगी । मौके पर जमुआ इंस्पेक्टर प्रमोद सिंह, धनवार थाना प्रभारी पीकू प्रसाद, एसआई मोनू राम सहित दर्जनों पुलिस अधिकारी मौजूद थे ।
