27 वॉ युवा महोत्सव में शामिल होंगे बीस महाविद्यालय के एक हजार विद्यार्थी
राजधनवार (गिरिडीह)
27 वां युवा महोत्सव को लेकर आदर्श कॉलेज राजधनवार में जोर शोर से तैयारी की जा रही है इसके लिए महाविद्यालय के प्राचार्य स्वयं से सारी व्यवस्था की देख रेख कर रहे हैं ।
विदित हो विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग द्वारा प्रतिवर्ष महाविद्यालय के विद्यार्थियों के प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है । आदर्श कॉलेज राजधनवार के प्राचार्य प्रो डॉ विमल कुमार मिश्रा के प्रयास से इस वर्ष मेजबानी करने का सौभाग्य मिल सका है । जिसके बाद से महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों में हर्ष का माहौल बना हुआ है ।
कितने महाविद्यालय के विद्यार्थी भी लेंगे
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के बीस महाविद्यालय एक हजार विद्यार्थी इस महोत्सव में भाग लेंगे जिसके लिए सभी को सूचित किया जा चुका है तथा यह निर्देशित किया गया कि किस महाविद्यालय के कौन कौन विद्यार्थी किस किस प्रतियोगिता में भाग लेंगे ।इसके लिए 10 दिसंबर तक ऑनलाइन कर इसका अपडेट दिए जाने का निर्देश दिया गया है ।
क्या क्या होगी प्रतियोगिता
27 वाँ युवा महोत्सव में म्यूजिक में आठ प्रकार की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें क्लासिक वोकल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो, लाइट वोकल , वेस्टन वोकल , ग्रुप सॉन्ग आदि शामिल है ।वहीं डांस में फॉल्क ट्राइबल डांस , क्लासिकल डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावे लिटरेरी इवेंट में क्विज , एलोकेशन ,डिबेट प्रतियोगिता ,थियेटर कार्यक्रम में वन एक्ट प्ले , स्किट्स, माइम, मिमिकरी प्रतियोगिता , फाइन आर्ट में ऑन द स्पॉट पेंटिंग , कॉलेज , पोस्टर मेकिंग , क्ले मॉडलिंग , कार्टून , रंगोली , मेहंदी आर्ट इत्यादि प्रतियोगिता शामिल है ।
निकाली जाएगी विशाल झांकी
महोत्सव की शुरुआत पुनीत राय स्टेडियम से गांधी चौक तक सांस्कृतिक झांकी निकाली जाएगी । जिसमें सभी महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल रहेंगे । इसकी सफलता को लेकर तैयारियां शुरू की जा चुकी है ।
तैयारी को लेकर क्या कहते हैं प्राचार्य
युवा महोत्सव की सफलता को लेकर आदर्श कॉलेज राजधनवार के प्राचार्य प्रो डॉ विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि आगामी 14 दिसंबर से 16 दिसंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सफलता के लिए 19 कमिटी का गठन किया गया है तथा महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को अलग अलग जवाबदेही दी गई है । बताया कि 20 महाविद्यालय के एक हजार विद्यार्थी इस युवा महोत्सव में शामिल होंगे जो विभिन्न विधाओं में भाग लेंगे तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे । परिणाम में पारदर्शिता के लिए हजारीबाग , रांची एवं जमेशदपुर से 24 जज को आमंत्रण दिया गया है । बताया कि सुरक्षा के लिए एक सौ विद्यार्थी वोलेंटियर के रूप में नियुक्त किए जायेंगे । महोत्सव में भाग लेने के लिए आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए खोरिमहुआ एसडीएम , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग , स्थानीय थाना , हॉस्पिटल प्रबंधन , नगर पंचायत समेत सभी प्रशासनिक पदाधिकारी को सूचित किया जा चुका है वहीं जिला उपायुक्त गिरिडीह एवं पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को कार्यक्रम की सफलता में सहयोग के लिए पत्र प्रेषित किया जाएगा । बताया कि प्रतिभागी एवं टीम मैनेजर के ठहरने की व्यवस्था तथा आवागमन के लिए तीन बस की सुविधा दी जाएगी । कहा कि इस क्षेत्र के लिए यह महोत्सव अद्वितीय होगा ।
